logo

गावां में तेजी से चल रहा है घर घर गहन स्वास्थ्य सर्वे कार्य

गावां:- कोरोना संक्रमण से बचाव व लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन पुरी तरह सजग है। प्रशासन के द्वारा जिले भर में 25 मई से 5 जून तक गहन स्वास्थ्य सर्वे कराया जा रहा है। इसी के तहत गावां में भी आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, महिला समूह के सदस्यों और पोषणसखी के द्वारा घर घर सर्वे कार्य किया जा रहा है।

शुक्रवार तक गावां प्रखंड के एक तिहाई क्षेत्र में गहन स्वास्थ्य सर्वे कार्य लगभग अंतिम चरण में है। वहीं शुक्रवार को भी गावां प्रखण्ड के पसनोर पंचायत के जोड़ासिमर गांव में घर-घर जाकर सेविका, सहिया और पोषण सखी द्वारा सर्दी, खांसी व बुखार से पीड़ित एवं सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने वाले महिला पुरूष व बच्चों को चिन्हित किया गया। जिनका अगले दिनों स्वास्थ्य व कोरोना जांच किया जायेगा।

जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें नजदीकी स्कूलों में आइसोलेट किया जायेगा। सर्वे के दौरान महिला और युवाओं को वैक्सीन के प्रति जागरूक भी किया गया। ताकि वैक्सीनेशन की संख्या में बढ़ोतरी हो। क्योंकि गावां प्रखंड वैक्सीनेशन के मामले में काफी पीछे है। सेविका रूबी देवी, पोषण सखी कुमारी पूजा विश्वकर्मा, सहिया ललिता देवी, पारा शिक्षक किशोर कुमार सिंह व कुंज बिहारी सिंह उपस्थित थे।

91
14659 views
  
2 shares