logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कांग्रेस का 'राम' नाम से विरोध सनातन विरोधी मानसिकता का परिचायक : भाजपा

कांग्रेस का 'राम' नाम से विरोध सनातन विरोधी मानसिकता का परिचायक : भाजपा
Writing by : Anujkumar sahu
_प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा : यह बिल 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक बड़ा कदम, कांग्रेस जनता को भड़काने और भ्रम फैलाने का काम बंद करे_

_रायपुर।_ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा है कि भगवान श्री राम के नाम का विरोध करना और उनके नाम पर आपत्ति जताना कांग्रेस की हिंदू विरोधी और सनातन विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। श्री दीपक ने शनिवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ में 'वीबी - जी राम जी अधिनियम' पर कांग्रेस द्वारा जताई गई आपत्तियों और लगाए गए आरोपों का कड़ा जवाब दिया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री दीपक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से भगवान राम का विरोध किया है। पहले उन्होंने श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार किया और अब एक जनकल्याणकारी बिल के नाम में 'राम' शब्द होने पर कुतर्क कर रहे हैं। श्री दीपक ने स्पष्ट किया कि चाहे हिंदी हो, संस्कृत हो या अंग्रेजी, भगवान श्री राम का नाम हर भाषा में पवित्र है और इसका विरोध निंदनीय है।

'वीबी - जी राम जी बिल' के माध्यम से किए गए क्रांतिकारी सुधारों को रेखांकित करते हुए श्री दीपक ने कहा कि इसमें रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर अब 125 दिन (25% की वृद्धि) कर दिया गया है। श्रमिकों को उनके काम का भुगतान अब मात्र 7 दिनों के भीतर सीधे उनके खाते में कर दिया जाएगा इसी तरह कृषि कार्यों के लिए 60 दिनों की छुट्टी का प्रावधान किया गया है, जिसे राज्य सरकारें अपने मौसम और फसल चक्र के अनुसार तय कर सकेंगी।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री दीपक ने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार रोकने के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी, एआई और ऑनलाइन मॉनिटरिंग का उपयोग किया जाएगा। राज्यांश में बदलाव से राज्यों की जवाबदेही बढ़ेगी। विपक्ष शासित राज्यों में मनरेगा के कार्यान्वयन पर सवाल उठे हैं। कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में सोशल ऑडिट के दौरान गंभीर अनियमितताएँ और भ्रष्टाचार पाया गया है।

श्री दीपक ने तंज कसते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने देश की 600 से अधिक योजनाओं और संस्थानों का नाम एक ही परिवार (गांधी परिवार) के नाम पर रखा हो, उसे 'राम' नाम से आपत्ति शोभा नहीं देती। कांग्रेस आज भी पुरानी 'कमांडर- गेयर वाली गाड़ी' वाले दौर में अटकी है, जबकि देश अब 'EV- हाइब्रिड और ऑटोमैटिक' युग में प्रवेश कर चुका है। यह बिल 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह समय काल और परिस्थितियों को देखकर पुरानी योजना का आधुनिक पुनर्निर्माण है ।

श्री दीपक ने कहा कि कांग्रेस जनता को भड़काने और भ्रम फैलाने का काम बंद करे, क्योंकि देश की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है।

25
1261 views

Comment