
नवी मुंबई में संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन!
नवी मुंबई के उलवे सेक्टर-17 स्थित हनुमान मंदिर परिसर में संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक आयोजन रविवार, 25 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न होगा।
इस पावन ज्ञान यज्ञ में आचार्य श्री पं.अनिल तिवारी जी महाराज श्रीमद् भागवत कथा का मधुर, संगीतमय और भावपूर्ण रसपान कराएंगे। कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत 25 जनवरी 2026 को कलश यात्रा से होगी। सप्ताह के दौरान भागवत महात्म्य, सृष्टि वर्णन, ध्रुव चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, समुद्र मंथन, राजा बलि-वामन कथा, श्रीराम-श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, रासलीला एवं रुक्मिणी विवाह जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
1 फरवरी 2026 को सुदामा चरित्र, पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य मानव जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ना, लोककल्याण की भावना को जागृत करना तथा समाज में सद्भाव और संस्कारों का प्रसार करना है।
कार्यक्रम के आयोजक कैप्टन विनोद कश्यप एवं के. डी. सिंह हैं, जबकि श्री अवधेश महतो जी संरक्षक के रूप में सहयोग कर रहे हैं। आयोजन स्थल हनुमान मंदिर, सेक्टर-17, उलवे, नवी मुंबई (रामसेठ ठाकुर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास) रखा गया है।
आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस दिव्य ज्ञान यज्ञ में परिवार सहित पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।