
जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, मकान सूचीकरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक
नई दिल्ली।
भारत सरकार ने जनगणना 2027 की दिशा में अहम कदम उठाते हुए मकान सूचीकरण और गृह गणना की तारीखों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना भारत के राजपत्र (The Gazette of India) में 7 जनवरी 2026 को प्रकाशित की गई है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी इस अधिसूचना के अनुसार, देशभर में जनगणना 2027 से संबंधित मकान सूचीकरण का कार्य 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। यह प्रक्रिया भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगी।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मकान सूचीकरण के दौरान प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश को निर्धारित अवधि में कम से कम तीन दिनों का समय दिया जाएगा। इसके साथ ही स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिसे मकान सूचीकरण शुरू होने से ठीक पहले की अवधि में संचालित किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस चरण का उद्देश्य देश में आवासीय स्थिति, भवनों के उपयोग और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा सटीक डाटा तैयार करना है, जो आगे होने वाली जनगणना 2027 के लिए आधार बनेगा।
यह अधिसूचना जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियम 1990 के तहत जारी की गई है। केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों और संबंधित विभागों को इस कार्य के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जनगणना से जुड़े इस फैसले को देश की प्रशासनिक और विकास योजनाओं के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।