
स्वामी रामानंदाचार्य जयंती पर झालावाड़ में निकाली शोभायात्रा, भंडारे में उमड़े लोग
झालावाड़ lपीपाधाम के तत्वावधान में स्वामी रामानंदाचार्य जयंती महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बंगाल से आए भक्तों ने स्वामीजी की छतरी पर पंच दिवसीय अखंड संकीर्तन किया गया। साथ ही पीपाधाम में अखंड रामायण पाठ एवं भक्तमाल पाठ विधिवत रूप से किया गया।
पीपापीठाधीश्वर झंकारेश्वर दास त्यागी महाराज ने बताया कि जयंती महोत्सव में वृंदावन से मुकुंद शरण महाराज, गोरे दाऊ आश्रम से धनुषधारी शरण महाराज, अयोध्या हनुमानगढ़ी के पुजारी, गोवर्धन लक्ष्मण मंदिर के महंत अशोक नारायण दास सहित अनेक संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त हुआ। महोत्सव के द्वितीय दिवस प्रातः 10 बजे भक्तमाल पाठ एवं अखंड रामायण पाठ की आरती संपन्न हुई। सायं 4 बजे स्वामी रामानंदाचार्यजी की छतरी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में झालावाड़, दुर्गापुरा, खोखंदा, गागरोन, गुवाड़ी, चांगेरी एवं वृंदावन सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं-बहनें एवं पुरुष अपने-अपने झंडा मंडलों के साथ नवीन वस्त्र धारण कर शामिल हुए।
भक्तजन नाचते-गाते संकीर्तन करते हुए चले। जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण हो गया। शोभायात्रा पीपाधाम पर जाकर संपन्न हुई। इस अवसर पर संत झंकारेश्वर दास त्यागी ने कहा कि जगतगुरु स्वामी रामानंदाचार्य महाराज प्रयागराज और काशी के बाद सर्वाधिक समय गागरोन में चातुर्मास के लिए ठहरे थे। इस क्षेत्र पर उनकी विशेष कृपा रही है। महोत्सव के अंत में आयोजित विशाल भंडारे में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
AIMA MEDIA NEWS JHALAWAR