राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया के प्रयास से रायपुर जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम हुआ ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’
नर्मदापुरम / राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 11701/11702) का नाम बदलकर अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ कर दिया गया है। यह नामकरण जैन धर्म के महान आचार्य, राष्ट्रसंत आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति एवं उनकी विश्वप्रसिद्ध कृति ‘मूकमाटी’ को समर्पित है। सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने संसद के शीतकालीन सत्र में शून्यकाल के दौरान रेल मंत्रालय के समक्ष यह मांग रखी थी कि उक्त ट्रेन का नाम आचार्य विद्यासागर महाराज के नाम पर अथवा उनकी सुप्रसिद्ध पुस्तक ‘मूकमाटी’ के नाम पर किया जाए। सांसद की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेल मंत्रालय ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया। रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आचार्य विद्यासागर महाराज ने देश की आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा देने के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया है। उनके इन्हीं अमूल्य योगदानों को सम्मान देते हुए जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ रखा गया है। इस निर्णय से देश भर के करोड़ों श्रद्धालुओं, जैन समाज एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। लंबे समय से की जा रही यह मांग पूरी होने पर आचार्य विद्यासागर महाराज के अनुयायियों में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही ट्रेन के नाम परिवर्तन की आधिकारिक विज्ञप्ति जारी हुई, जैन समाज सहित अनेक संगठनों ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। वहीं सांसद नारोलिया ने भी इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल एक ट्रेन का नामकरण नहीं, बल्कि आचार्य विद्यासागर महाराज के विचारों, तपस्या और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ आने वाली पीढ़ियों को आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन दर्शन और आध्यात्मिक संदेश से जोड़ने का कार्य करेगी।