logo

तमिलनाडु परिवहन निगम कर्मचारियों ने स्वर्ण जयंती पर विशेष वेतन वृद्धि की मांग उठाई

बैंगलोर/वेलूर (दलपतसिंह भायल)।
तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम भ्रष्टाचार विरोधी ट्रेड यूनियन परिषद ने निगम की स्वर्ण जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर कर्मचारियों को विशेष वेतन वृद्धि देने की मांग उठाई है। परिषद के महासचिव कामराज ने इस संबंध में परिवहन मंत्री कनिप्पन को एक औपचारिक याचिका सौंपी।
याचिका में परिषद ने मांग की है कि जिस प्रकार तमिलनाडु विद्युत बोर्ड की स्वर्ण जयंती पर सभी कर्मचारियों को एक वर्ष की विशेष वेतन वृद्धि दी गई थी और इसके लिए सरकारी आदेश जारी हुआ था, उसी तरह परिवहन निगम कर्मचारियों को भी यह लाभ प्रदान किया जाए।
परिषद का कहना है कि परिवहन निगम के चालक, कंडक्टर, कार्यशाला कर्मचारी एवं कार्यालय कर्मचारी वर्षों से कम वेतन और अत्यधिक कार्यभार के बावजूद निरंतर जनता की सेवा कर रहे हैं। कर्मचारियों पर बिना ठोस जांच के लगाए गए आरोपों के आधार पर अनुचित दंड दिए जाने का भी उल्लेख याचिका में किया गया है।
इसके बावजूद परिवहन कर्मचारी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए निर्बाध सार्वजनिक सेवा में लगे हुए हैं। परिषद ने सरकार की उस नीति की याद दिलाई है, जिसके तहत सभी विभागों के कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए।
परिषद का मानना है कि यदि स्वर्ण जयंती के अवसर पर विशेष वेतन वृद्धि प्रदान की जाती है, तो इससे कर्मचारियों का सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा वे और अधिक उत्साह के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे।
याचिका में मुख्यमंत्री से भी अनुरोध किया गया है कि तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम की स्वर्ण जयंती 2025 के उपलक्ष्य में सभी परिवहन कर्मचारियों को विशेष वेतन वृद्धि देने हेतु शीघ्र सरकारी आदेश जारी किया जाए।

1
58 views