logo

वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा, जिले में चलेगा कृषि रथ

बैतूल जिले

किसानों को नवीन तकनीक, योजनाओं एवं नवाचारों की दी जाएगी जानकारी

प्रदेश में वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। किसानों को कृषि से जुड़ी नवीन तकनीक, योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रदेश के साथ ही बैतूल जिले में भी कृषि रथ का संचालन किया जाएगा। यह अभियान प्रत्येक विकासखंड में रबी सीजन के दौरान संचालित होगा। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषि रथ का संचालन करने के निर्देश दिए हैं।

कृषि रथ के माध्यम से किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, उन्नत बीज एवं कीट-रोग प्रबंधन, फसल विविधीकरण, कृषि आधारित उद्यमिता, ई-तकनीक से जुड़ी योजनाएं तथा पराली प्रबंधन जैसी जानकारियां दी जाएंगी। अभियान की शुरुआत 11 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालयों से की जाएगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

➡️ जिला एवं विकासखंड स्तर पर बनेगी समितियां

कृषि रथ के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में एवं विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में क्रियान्वयन समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां रथ संचालन, कार्यक्रम निर्धारण एवं निगरानी का कार्य करेंगी।

➡️ तकनीकी दल करेगा मार्गदर्शन

प्रत्येक कृषि रथ के साथ एक तकनीकी दल रहेगा, जिसमें कृषि विभाग के अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे। यह दल गांवों में जाकर किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देगा और समस्याओं का समाधान करेगा।

➡️ प्रचार प्रसार व निगरानी व्यवस्था

कृषि रथ अभियान की दैनिक प्रगति की निगरानी जिला स्तर पर की जाएगी। सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कृषि रथ अभियान से किसानों को सीधे लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन, आय वृद्धि एवं नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

13
659 views