
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जालौन में टीबी मरीजों को पोषक आहार व कंबल वितरित
जालौन। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन में नगर पालिका परिषद जालौन द्वारा गोद लिए गए क्षय रोगियों को पुष्टाहार हेतु पोषक आहार की डलिया एवं सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण एवं आवश्यक सहायता प्रदान कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।
इस अवसर पर नगर पालिकाअध्यक्ष एवं सभासद एवं अन्य जनप्रतिनिधि, नगर अध्यक्ष जालौन भाजपा, पूर्व नगर अध्यक्ष जालौन भाजपा, नगर भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी, चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त चिकित्सालय स्टाफ की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि क्षय रोग उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग आवश्यक है। जरूरतमंद मरीजों को पोषण एवं संरक्षण प्रदान करना मानव सेवा का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उपस्थित अतिथियों ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम का समापन “मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा” के संदेश के साथ किया गया।