
भगवान परशुराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर उत्साह, नितिन गडकरी को दिया गया आमंत्रण
पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर अंतर्गत रांची रोड स्थित रेड़मा मथुराबाड़ी में नवनिर्मित भगवान श्री परशुराम का भव्य एवं दिव्य मंदिर पूर्ण रूप से तैयार हो गया है। मंदिर निर्माण को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल है। यह मंदिर राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के तत्वावधान में निर्मित किया गया है, जिसे ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
भगवान परशुराम जी की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर कई दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में देश-प्रदेश के कई गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा के सदस्य रविंद्र तिवारी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण पत्र सौंपकर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया। इस दौरान मंदिर निर्माण, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा इसके धार्मिक और सामाजिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि यह मंदिर समाज में संस्कार, एकता और सेवा की भावना को सशक्त करेगा। प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर मेदिनीनगर सहित पूरे पलामू जिले में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत 15 जनवरी को नगर भ्रमण के साथ हनुमंत पूजा से होगी। इसके बाद 2 फरवरी को भव्य जलयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलश यात्रा के साथ भाग लेंगे। वहीं 6 फरवरी को विधि-विधान के साथ भगवान परशुराम जी की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
इन आयोजनों में संत-महात्माओं, समाज के प्रबुद्धजनों एवं श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी अपेक्षित है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।