logo

उरई–ओंता–चुर्खी मार्ग पर बेखौफ दौड़ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर, जिम्मेदार बने अंजान


उरई। उरई–ओंता–चुर्खी मार्ग पर इन दिनों मिट्टी से लदे ट्रैक्टरों की बेलगाम रफ्तार आमजन के लिए खतरा बनी हुई है। दिन-रात सड़कों पर फर्राटा भरते ये ट्रैक्टर न सिर्फ यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि बड़े हादसे को भी दावत दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि सब कुछ खुली आंखों के सामने होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अंजान बने हुए हैं।
जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के बाद भी अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई न होने से अवैध मिट्टी खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
डकोर–बंधौली क्षेत्र में स्थिति और भी चौंकाने वाली है। यहां मिट्टी ढोने की होड़ लगी हुई है। बताया जा रहा है कि जो ट्रैक्टर चालक जितने ज्यादा चक्कर मिट्टी डालता है, उसे उतना ही अतिरिक्त रुपया दिया जाता है। रफ्तार बढ़ाने पर बाकायदा इनाम तक तय है, जिससे चालक जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर दौड़ाने को मजबूर हैं।
चुर्खी और डकोर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध मिट्टी खनन से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि ग्रामीण सड़कों की हालत भी बद से बदतर होती जा रही है। धूल, गड्ढे और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध मिट्टी खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले हालात पर काबू पाया जा सके।

5
171 views