logo

कार्यकर्ता का फोन नहीं उठाया तो अंजाम भुगतने को रहें तैयार” – वसुंधरा राजे का अफसरों को सख्त संदेश



जयपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की एक अहम कार्यशाला के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने संगठन और प्रशासन को लेकर बड़ा और सख्त संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी का असली एंबेसडर है, और उसकी उपेक्षा किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वसुंधरा राजे ने कहा कि कार्यकर्ता के हस्ताक्षर से जनता के काम होने चाहिए। यदि अधिकारी कार्यकर्ता की बात नहीं सुनते या फोन नहीं उठाते हैं, तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक घंटी में अधिकारी को कार्यकर्ता का फोन उठाना होगा और काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के बिना प्राण-विहीन है। इसलिए संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि गांव स्तर पर बूथ अध्यक्ष, मंडल स्तर पर मंडल अध्यक्ष और जिला स्तर पर जिलाध्यक्ष को मजबूत किया जाए, क्योंकि यही लोग जनता और सरकार के बीच सेतु हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,
“हमारे कार्यकर्ता की आवाज ही प्रधानमंत्री की आवाज है, वही मुख्यमंत्री की आवाज है। कार्यकर्ता की आवाज बुलंद रहनी चाहिए।”
वसुंधरा राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय था जब देश की दसों दिशाओं में कांग्रेस का दबदबा था, लेकिन आज हर तरफ भाजपा दिखाई देती है। यह बदलाव किसी एक नेता की वजह से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की तपस्या और संघर्ष का परिणाम है।

उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता वह है जिसने भूख-प्यास की परवाह किए बिना केवल कमल खिलाने का काम किया। ऐसे कार्यकर्ता की अनदेखी पार्टी को कमजोर कर सकती है।

कार्यशाला में मौजूद कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा राजे के इस संबोधन को संगठन के लिए स्पष्ट दिशा और मजबूत संदेश बताया। उनके इस बयान को आगामी संगठनात्मक रणनीति और प्रशासनिक जवाबदेही के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

8
960 views