logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हरिके हेडवर्क्स पर बाढ़ पीड़ित किसानों का आंदोलन तेज, 32 किसान आमरण अनशन पर

(सोनू अटवाल)बाढ़ पीड़ित किसान संघर्ष समिति पंजाब के बैनर तले हरिके हेडवर्क्स पर किसानों का धरना लगातार तेज होता जा रहा है। किसानों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन की अगुवाई किसान नेता जसबीर सिंह आहलूवालिया कर रहे हैं। विभिन्न किसान संगठनों और जत्थेबंदियों के समर्थन से चल रहे इस धरने में बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित किसान शामिल हो रहे हैं।
किसानों का कहना है कि बीते वर्षों में आई भीषण बाढ़ से हजारों एकड़ कृषि भूमि नष्ट हो चुकी है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस राहत नहीं दी गई। इसी के विरोध में हरिके हेडवर्क्स के गेट नंबर 32 पर 32 किसान लगभग 100 फीट गहरे पानी के ऊपर बैठकर आमरण अनशन कर रहे हैं, जिससे आंदोलन की गंभीरता और बढ़ गई है।
धरना स्थल पर किसान नेता केवल सिंह, कुलदीप सिंह, जजविंदर सिंह, सुखवंत सिंह, गुरजीत सिंह, सतनाम सिंह सहित कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि बाढ़ के दौरान डैमों से अचानक छोड़े गए पानी के कारण फसलों, घरों और जमीनों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन प्रभावित किसानों को आज तक उचित मुआवजा नहीं मिल सका।
किसानों की प्रमुख मांगों में गोइंदवाल साहिब से हरिके हेडवर्क्स तक सिल्ट की तत्काल सफाई, बाढ़ से नष्ट हुई जमीन का बाजार दर पर मुआवजा, गंदी और धूसी जमीन पर खेती कर रहे काश्तकार किसानों को मालिकाना हक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों की कर्ज माफी, तथा वर्ष 2025 में हुए नुकसान का पूर्ण मुआवजा शामिल है। इसके अलावा किसानों ने बाढ़ पीड़ित परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष सहायता और सरकारी नौकरियों में विशेष कोटा देने की भी मांग की है।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पंजाब के अन्य जिलों से भी किसानों को हरिके पहुंचाया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

29
292 views

Comment