logo

भाकियू के नव नियुक्त प्रदेश सचिव चौधरी नवतेज सिंह ने किया समाजसेवियों का भव्य सम्मान

गाजियाबाद। वेब सिटी स्थित एन.आर. ग्रैंड फार्म्स पर भारतीय किसान यूनियन (राकेश टिकैत) के नव नियुक्त प्रदेश सचिव चौधरी नवतेज सिंह द्वारा आज 3 जनवरी 2026 को में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी धीरेन्द्र त्रिपाठी एवं रजापुर ब्लॉक के संरक्षक, पूर्व सैनिक सूबेदार ओमपाल सिंह को शाल एवं स्मृति चिन्ह (मेमोंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए चौधरी नवतेज सिंह ने कहा कि “देश के किसान, सैनिक और राष्ट्रभक्त नागरिक ही भारत की मूल आत्मा हैं। इनका सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। यही भावना मुझे भारतीय किसान यूनियन से जोड़ती है। किसानों और पूर्व सैनिकों की सेवा ही मेरे जीवन का उद्देश्य है और किसानों के हितों के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई में वे सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहेंगे।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात धीरेन्द्र त्रिपाठी एवं सू0 ओमपाल सिंह ने चौधरी नवतेज सिंह का आभार व्यक्त करते हुए उनके नवदायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चौधरी नवतेज सिंह के नेतृत्व में किसान आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी और किसान–सैनिक–समाज के मुद्दे और अधिक प्रभावी रूप से उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. सरोज सिरोही, रविन्द्र सिंह पुनिया, कल्लू जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द, सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत रहा।

33
2986 views