
भैंसावता के सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण शर्मा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से हुए सम्मानित
सिंघाना के भैंसावता कला निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण शर्मा को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 2 जनवरी 2026 को गांधी पीस फाउंडेशन, नेपाल द्वारा प्रदान किया गया। प्रवीण शर्मा का जन्म 11 सितंबर 1995 को हुआ। वे ‘सोनू पंडित’ के नाम से समाज में पहचाने जाते हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े शर्मा ने अब तक हजारों लोगों के समर्थन में लोककल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने आमजन के हित में 10 दिनों का आमरण अनशन किया, वहीं छात्र हितों, महिला उत्पीड़न के मामलों तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। वर्तमान में सोनू पंडित ब्राह्मण महासभा नौजवान मोर्चा, बुहाना के तहसील अध्यक्ष हैं। साथ ही वे राष्ट्रीय क्रांतिकारी मंच के जिला अध्यक्ष तथा विप्र फाउंडेशन के सचिव के पद पर भी कार्यरत हैं। समाज सेवा के प्रति उनकी निरंतर सक्रियता और जनहित के कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी सोनू पंडित को विभिन्न संस्थाओं द्वारा समय-समय पर सम्मानित किया जा चुका है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।