
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में बर्तन बैंक की स्थापना
खानपुर कलां- 1 जनवरी।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विश्वविद्यालय स्थित अंतरराष्ट्रीय गेस्ट हाउस परिसर में बर्तन बैंक की स्थापना की गई, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री के उपयोग को न्यूनतम करना है। कार्यक्रम का आयोजन डॉ शीला मलिक ने किया जबकि उद्घाटन महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने किया।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि बर्तन बैंक की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक आज वैश्विक स्तर पर एक गंभीर समस्या बन चुका है, जो पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए घातक है। ऐसे में बर्तन बैंक जैसी पहल स्थायी विकास की ओर एक सार्थक प्रयास हैं।
कुलपति ने आगे कहा कि विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में अब प्लास्टिक या डिस्पोजल बर्तनों के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य बर्तनों का प्रयोग किया जाएगा। इससे न केवल प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी, बल्कि स्वच्छ एवं हरित परिसर के निर्माण में भी सहयोग मिलेगा।
उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्राओं से इस पहल को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आह्वान किया तथा अपने दैनिक जीवन में भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक डॉ शीला मलिक ने बताया कि बर्तन बैंक से विश्वविद्यालय में होने वाले किसी भी कार्यक्रम के लिए बर्तन मिल सकेंगे।
फोटो कैप्शन :- 01 बर्तन बैंक के उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो सुदेश व डॉ शीला मलिक।