logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

निवेश, पीएमश्री पर्यटन और हेलीकॉप्टर सेवा से नई ऊंचाइयों पर मध्यप्रदेश टूरिज्म वर्ष 2025 नवाचार

रिकॉर्ड निवेश और पर्यटन विस्तार का स्वर्णिम अध्याय
अनूपपुर।
प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्यप्रदेश ने वर्ष 2025 में पर्यटन, संस्कृति और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव के मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग द्वारा किए गए नवाचारों का लाभ अनूपपुर जिले सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है।
पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास विभाग के नेतृत्व में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के लिए वर्ष 2025 विकास, रोजगार और निवेश के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा और पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा की शुरुआत से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक और वन्य पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, जिससे अनूपपुर जिले के अमरकंटक जैसे विश्वप्रसिद्ध तीर्थ एवं पर्यटन स्थल तक पहुंच और अधिक सुगम हो गई है।
ग्रामीण पर्यटन को सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेशभर में 400 से अधिक होमस्टे प्रारंभ किए गए हैं, जिससे ग्रामीण आजीविका को नया संबल मिला है। अनूपपुर जिले के आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों में भी होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं देखी जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य आगामी समय में 1000 होमस्टे विकसित करने का है।
धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में ओंकारेश्वर को अद्वैत लोक के रूप में विकसित किए जाने के साथ-साथ अमरकंटक में मां नर्मदा महालोक, परिक्रमा पथ और अधोसंरचना विकास कार्यों ने अनूपपुर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दी है। वर्ष 2024 में प्रदेश में 14 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ, जिसमें अमरकंटक जैसे स्थलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संस्कृति संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश में संग्रहालयों की नई श्रृंखला विकसित की जा रही है। साथ ही श्रीराम वनगमन पथ और श्रीकृष्ण पाथेय जैसी योजनाओं से धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिली है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ अनूपपुर जिले को मिल रहा है।
वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। समावेशी और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जिससे पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
आगामी वर्षों में प्रदेश की जीडीपी में पर्यटन का योगदान 10 प्रतिशत तक बढ़ाने के लक्ष्य के साथ 500 नए होटल, 20 हजार नए कक्ष और 500 मार्ग सुविधा केंद्र विकसित किए जाने की योजना है। वर्ष 2025 मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के लिए उपलब्धियों, निवेश और नवाचारों का ऐसा वर्ष साबित हुआ है, जिसने अनूपपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश को भारत के अग्रणी पर्यटन राज्यों की श्रेणी में और अधिक सुदृढ़ किया है।

20
159 views

Comment