सदानंद दाते को महाराष्ट्र का नया डीजीपी नियुक्त किया गया, तीन जनवरी को संभालेंगे कार्यभार
मुंबई: 31 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सदानंद दाते को बुधवार को राज्य का अगला पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया।दाते की छवि मृदु भाषी लेकिन सख्त पुलिस अधिकारी है और वह 2008 में मुंबई पर हुए हमले में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किये जा चुके हैं।आईपीएस में 1990 बैच के अधिकारी दाते(59) निवर्तमान डीजीपी रश्मि शुक्ला का स्थान लेंगे, जो तीन जनवरी को सेवानिवृत्त हो रही हैं।वह दो लाख से अधिक कर्मियों वाले महाराष्ट्र पुलिस बल के प्रमुख के रूप में दो साल तक अपनी सेवाए देंगे।दाते को हाल में केंद्र की प्रतिनियुक्ति से राज्य कैडर में वापस बुलाया गया था। वह केंद्र में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) का नेतृत्व कर रहे थे।दाते की 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान जवाबी कार्रवाई में किए गये प्रयासों की काफी सराहना की गयी थी।मुंबइई में 26 नवंबर, 2008 को जब हमला किया गया था तब दाते शहर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मध्य क्षेत्र) के रूप में कार्यरत थे।उन्होंने पुलिस की उस टीम का नेतृत्व किया था जिसने कामा अस्पताल की छत पर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों अजमल कसाब और अबू इस्माइल को घेर लिया था और ग्रेनेड के छर्रों से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आतंकवादियों से मुकाबला जारी रखा था।दाते को बाद में वीरता के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।दाते के शरीर में आज भी उस रात के धातु के टुकड़े धंसे हुए हैं, खासकर एक टुकड़ा उनकी आंख के पास है। वह उन्हें चोटों के बजाय युद्ध क्षेत्र से मिले ‘पदक’ के रूप में वर्णित करते हैं।दाते को कई एजेंसियों और राज्य में अहम पदों पर काम करने का अनुभव है। वह महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस)के प्रमुख रह चुके हैं। दाते केंद्रीय जांच ब्यूरो में डीआईजी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में महानिरीक्षक (अभियान), मीरा-भयंदर और वसई-विरार शहरों में पुलिस आयुक्त और मुंबई में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से आर्थिक अपराधों में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है।दाते ऐसे समय में कार्यभार संभालेंगे जब राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव हो रहे हैं और कानून व्यवस्था के लिहाज से यह एक चुनौतीपूर्ण समय है।