
*हिन्दू महासभा के विशाल कार्यकर्ता मिलन समारोह का हुआ आयोजन*
बीसलपुर। सोमवार को अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा महिला मंडल अध्यक्ष बबीता सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ता मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संजीव सिंह राणा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर रुद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत चीनी मिल गेस्ट हाउस से रोड शो के साथ हुई, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए देवस्थल बारात घर स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुँचा। रोड शो के दौरान संगठन के झंडों, नारों और जयघोष से पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण हो गया। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर विधिवत बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन नगर अध्यक्ष सुनील अवस्थी एवं नगर महामंत्री अवनीश रतन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला मंडल अध्यक्ष बबीता सक्सेना ने कहा कि कार्यकर्ता मिलन समारोह से संगठन की एकता और मजबूती और अधिक बढ़ती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज संगठन की हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं और आने वाले समय में महिला शक्ति संगठन को नई दिशा देगी। मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं और ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी से संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा समाजहित, राष्ट्रहित एवं सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। जिला महामंत्री मयंक जायसवाल ने संगठन की नीतियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता को और अधिक बढ़ाया जाएगा। युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा ने युवाओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति के बिना किसी भी आंदोलन को गति नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। महिला जिला महामंत्री कविता वंशवाल ने महिलाओं की सहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन में महिलाओं की भूमिका लगातार सशक्त हो रही है और आने वाले समय में महिला कार्यकर्ताओं को और अधिक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर रुद्र प्रताप सिंह ने संक्षिप्त वक्तव्य में कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित संगठन है, जो समाज में जागरण और संगठन के माध्यम से मजबूत भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा एक अनुशासित एवं विचारधारात्मक संगठन है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संजीव सिंह राणा ने अपने विस्तृत वक्तव्य में कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि आज समाज को संगठित होकर सनातन संस्कृति, राष्ट्र की एकता और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाएं और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जब तक कार्यकर्ता जागरूक, अनुशासित और समर्पित नहीं होंगे, तब तक किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश भर में संगठन को और अधिक विस्तार दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
इस दौरान हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा एवं जिला महामंत्री मयंक जायसवाल के नेतृत्व में पूरी जिला टीम, महिला जिलाध्यक्ष बिन्दु सिंह, महिला जिला महामंत्री कविता वंशवाल के नेतृत्व में पूरी महिला जिला टीम, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा एवं युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना के नेतृत्व में पूरी युवा टीम, पीलीभीत नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप एवं नगर महामंत्री प्रमोद कश्यप के नेतृत्व में पूरी नगर टीम, बीसलपुर नगर अध्यक्ष सुनील अवस्थी एवं नगर महामंत्री अवनीश रतन के नेतृत्व में पूरी बीसलपुर की टीम, पूरनपुर युवा नगर अध्यक्ष विकास गुप्ता के नेतृत्व में पूरी नगर टीम पूरनपुर, ब्लॉक अध्यक्ष ललौरीखेड़ा अन्नु गुर्जर के नेतृत्व में ब्लॉक की टीम उपस्थित रही।।