logo

कर्तव्य पथ पर शहीद हुए ASI के परिवार को मिला संबल; पुलिस अधीक्षक ने सौंपा 1 करोड़ का चेक



बारां |
जिला पुलिस प्रशासन और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच हुए 'पुलिस सैलेरी पैकेज' समझौते के तहत आज एक बड़ी सहायता राशि मृतक पुलिस कर्मी के परिवार को प्रदान की गई। बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने कर्तव्य पालन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले सहायक उप निरीक्षक (ASI) स्व. श्री राजेन्द्र कुमार यादव की पत्नी को 01 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
राजकार्य के दौरान हुई थी दुर्घटना
जानकारी के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार यादव बारां के कोतवाली थाने में पदस्थापित थे। बीते 24 सितंबर, 2025 को राजकार्य के दौरान एक दुखद सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस विभाग और बैंक के विशेष अनुबंध के कारण, ऑन-ड्यूटी मृत्यु होने की स्थिति में उनके परिवार को यह बड़ी बीमा राशि प्रदान की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सौंपा चेक
आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान, एसपी अभिषेक अंदासु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और भारतीय स्टेट बैंक (अस्पताल रोड, बारां) के मुख्य प्रबंधक मनीष शर्मा ने मृतक कार्मिक की पत्नी श्रीमती अनिता यादव को 1 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभाग अपने जांबाज कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी कार्मिकों के हितों की रक्षा करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
> "आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय" के ध्येय वाक्य के साथ बारां पुलिस कर्मियों के कल्याण हेतु भी निरंतर प्रयासरत है।

30
1753 views