मजदूर कानूनों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा पर साधा निशाना
भिवानी/दादरी (हरियाणा):
भाजपा सरकार द्वारा बनाए गए नए मजदूर कानूनों के विरोध में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महेंद्र सिंह, प्रदेश महासचिव केकेसी हरियाणा कांग्रेस कमेटी तथा मनदीप स्योराण, जिला अध्यक्ष केकेसी ने किया।
इस मौके पर महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के ये कानून मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं, जिनसे श्रमिकों की सुरक्षा, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए मजदूरों के अधिकार कमजोर कर रही है।
जिला अध्यक्ष मनदीप स्योराण ने कहा कि कांग्रेस मजदूरों के हक की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेगी और इन काले कानूनों को वापस लेने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मजदूर विरोधी कानूनों को रद्द करने की मांग की।