logo

रामनगर चौक पर अंतरराष्ट्रीय सनातन वाहिनी का प्रदर्शन, बांग्लादेश के पीएम का पुतला दहन

बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार व नरसंहार के विरोध में मुजफ्फरपुर जिला के गायघाट प्रखंड अंतर्गत रामनगर चौक पर अंतरराष्ट्रीय सनातन वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मो. युनुस का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेता प्रणय कुमार सिंह उर्फ प्राणु ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने मुस्लिम आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। सभा को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय सनातन वाहिनी के केंद्रीय प्रमुख आचार्य चंद्र किशोर पराशर ने कहा कि बांग्लादेश में मौजूदा हालात अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अल्पसंख्यकों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, जिस पर विश्व समुदाय को गंभीरता दिखानी चाहिए। आचार्य पराशर ने संयुक्त राष्ट्र संघ से मांग की कि बांग्लादेश में अविलंब शांति सेना भेजी जाए, ताकि वहां स्थिरता और सुरक्षा बहाल हो सके। साथ ही उन्होंने भारत सरकार से बांग्लादेश के साथ राजनीतिक, व्यापारिक समेत सभी प्रकार के संबंध तत्काल समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस्लामिक आतंकवाद अब केवल किसी एक देश की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरे विश्व के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा के स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार रखे और कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के गायघाट पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह के अलावा राजा गुप्ता, मनोज मतलबी, राजीव भूषण कुमार, हर्ष चौधरी, हरिवंश सिंह, पुष्कर सिंह, रंजीत सिंह, रामपुकार राय, भिखारी सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

0
0 views