म्योरपुर में कंबल वितरण, 200 जरूरतमंदों को मिली ठंड से राहत
म्योरपुर/सोनभद्र। भीषण ठंड को देखते हुए शनिवार को म्योरपुर पंचायत भवन में हिंडाल्को जन सेवा ट्रस्ट एवं ग्राम प्रधान के तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार रहे। इस दौरान 200 गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार ने कहा कि कंबल वितरण से इस कड़ाके की ठंड में गरीबों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा गरीबों और असहायों की हितैषी रही है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, गुरबा और आदिवासी वर्ग लाभान्वित हो रहा है।
इस अवसर पर म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत पनिका, होरी लाल पासवान, सुजीत कुमार सिंह, गणेश जायसवाल, सुधीर कुमार, इरफान अहमद, पंचायत मित्र भूपेंद्र गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।