logo

राखीगढ़ी महोत्सव: पुरातत्व विभाग की प्रदर्शनी में जीवंत हुआ इतिहास, हड़प्पाकालीन खिलौने और सील देखकर रोमांचित हुए लोग।

हरियाणा, जिला हांसी के उपमंडल के गांव राखी गढी में खुदाई में मिले मृदभांड और बैलगाड़ी ने मोहा मन; एलईडी स्क्रीन पर दिखाई प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, विदेशी व्यापार के सबूत मिले हैं। राखीगढ़ी महोत्सव के दौरान राखीगढ़ी स्थित संग्रहालय परिसर में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में राखीगढ़ी पुरातात्विक स्थलों से प्राप्त महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी तथा आम नागरिक पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनी में खुदाई के दौरान प्राप्त हड़प्पा कालीन वस्तुएं विशेष रूप से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।

इनमें पीपल के पत्ते की आकृतियों से सुसज्जित चित्रांकित मृदभांड के टुकड़े, मिट्टी की चूड़ियां, मिट्टी के खिलौने, खिलौना बैलगाड़ी तथा विभिन्न प्रकार की प्राचीन सीलें शामिल हैं। इन ऐतिहासिक अवशेषों को देखकर आगंतुकों में प्राचीन सभ्यता के प्रति गहरी रुचि और जिज्ञासा देखने को मिल रही है।

प्रदर्शनी स्थल पर उपस्थित पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आगंतुकों को राखीगढ़ी में हुई खुदाई और उससे प्राप्त हड़प्पा कालीन वस्तुओं के ऐतिहासिक महत्व की विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि खुदाई में मिली सीलें इस बात का प्रमाण हैं कि हड़प्पा काल में भारत के अन्य देशों के साथ व्यापारिक संबंध स्थापित थे। यह प्रदर्शनी प्राचीन भारत की समृद्ध सभ्यता और उन्नत जीवन शैली को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रही है।

प्रदर्शनी को और अधिक रोचक बनाने के लिए स्थल पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिसके माध्यम से हरियाणा प्रदेश के विभिन्न पुरातात्विक स्थलों से संबंधित जानकारी, चित्र और वीडियो आमजन को दिखाए जा रहे हैं। इससे विशेष रूप से विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को समझने का अनूठा अवसर मिल रहा है।

राखीगढ़ी महोत्सव के दौरान आयोजित यह प्रदर्शनी न केवल इतिहास प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, बल्कि युवाओं और बच्चों के लिए भी अत्यंत ज्ञानवर्धक सिद्ध हो रही है तथा प्रदेश की प्राचीन धरोहर के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

7
48 views