logo

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पश्चिम) ने की नई संगठनात्मक नियुक्ति, मगन शर्मा बने मेरठ कैंट विधानसभा अध्यक्ष

मेरठ। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पश्चिम) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति की है। युवा कांग्रेस (पश्चिम) के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला द्वारा जारी नियुक्ति प्रमाण-पत्र के अनुसार, श्री मगन शर्मा को पश्चिम उत्तर प्रदेश के अंतर्गत मेरठ कैंट विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति 21 दिसंबर 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

नियुक्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि संगठन के प्रति श्री मगन शर्मा की निष्ठा, सक्रियता एवं समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उम्मीद जताई गई है कि वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व—पार्टी अध्यक्ष मा0 श्री मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी, भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी श्री मनीष शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब तथा राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी श्री विशाल चौधरी—के विश्वास पर खरे उतरेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि युवा कांग्रेस पश्चिम उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मेरठ कैंट विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में युवा नेतृत्व को जिम्मेदारी देना इसी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री मगन शर्मा युवाओं को संगठन से जोड़ने, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ करेंगे।

नियुक्ति की सूचना मिलने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कई कार्यकर्ताओं ने श्री मगन शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

3
89 views