
कुसमी में तीन महापुरुषों की प्रतिमाओं का ऐतिहासिक अनावरण.!
बलरामपुर से मोहम्मद खालिद की रिपोर्ट.!
अटल जी का विचार, बिरसा मुंडा का संघर्ष और लरंगसाय जी की सेवा—कुसमी में एक साथ श्रद्धांजलि.!
नगर पंचायत कुसमी में आज सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर पर तीन महापुरुषों की प्रतिमाओं का भव्य एवं विधिवत अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में अटल परिसर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की प्रतिमा, शिव मंदिर परिसर के समीप स्वर्गीय लरंगसाय जी की प्रतिमा तथा दर्रीपारा चौक में महान आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा का अनावरण श्रद्धा, सम्मान और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल प्रतीक नहीं होतीं, बल्कि वे समाज को दिशा देने वाले विचारों और आदर्शों की जीवंत पहचान होती हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को सशक्त लोकतंत्र, मजबूत विदेश नीति और विकास की नई दिशा दी। वहीं भगवान बिरसा मुंडा जी आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और संघर्ष के प्रतीक हैं, जिनकी विरासत आज भी सामाजिक न्याय और समानता की प्रेरणा देती है। स्वर्गीय लरंगसाय जी ने अपने जीवन को समाजसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया, जिन्हें नगरवासी सदैव स्मरण करते रहेंगे।
विधायक पैकरा ने कहा कि नगर पंचायत कुसमी में इन प्रतिमाओं की स्थापना से युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को अपने महापुरुषों के आदर्शों को समझने और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने नगर पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, नगर पंचायत कुसमी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं समस्त पार्षदगण, जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधिगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारीगण, मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्तागण तथा बड़ी संख्या में नगर पंचायत कुसमी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। उपस्थित जनसमूह ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे नगर में कार्यक्रम को लेकर उत्साह, श्रद्धा और गौरव का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर नगर पंचायत की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।