logo

*कटनी में 69 वर्षीय वृद्ध महिला की संपत्ति पर कथित कब्जा, नगर निगम व प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप*


*कटनी में 69 वर्षीय वृद्ध महिला की संपत्ति पर कथित कब्जा, नगर निगम व प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप*
कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 69 वर्षीय वृद्ध एवं अस्वस्थ महिला की पैतृक संपत्ति पर कथित रूप से अवैध कब्जा किए जाने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार ने नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
इंदौर निवासी आवेदक ने बताया कि उनकी पत्नी श्रीमती राजेन्द्र कौर (उम्र 69 वर्ष), जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं और अक्सर बीमार रहती हैं, उनके मायके की पैतृक संपत्ति गुरुनानक वार्ड, सब्जी मंडी क्षेत्र, कटनी में स्थित है। उक्त संपत्ति स्वर्गीय श्रीमती मेला देवी एवं स्वर्गीय संतोख सिंह के नाम दर्ज थी, जिनका निधन हो चुका है।
परिवार में तीन पुत्र और तीन पुत्रियां थीं, जिनमें से दो पुत्रों की मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि जीवित पुत्र जसवीर सिंह उर्फ राजू सरदार ने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर नगर निगम कटनी को गुमराह किया और संपत्ति का नामांतरण अपने नाम करा लिया। इसके बाद बिना वैधानिक अधिकार के भवन क्रमांक 714 का विक्रय भी कर दिया गया।
आवेदक का कहना है कि विक्रय से पूर्व समाचार पत्रों में आपत्ति सूचना प्रकाशित की गई थी और रजिस्ट्रार कार्यालय में भी आपत्ति दर्ज कराई गई थी, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए संपत्ति का सौदा कर दिया गया। आरोप है कि न तो नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की गई और न ही पुलिस प्रशासन ने प्रभावी कदम उठाए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाए गए हैं कि फर्जी सहमति पत्रों के आधार पर नामांतरण किया गया, मूल दस्तावेज अब तक प्रस्तुत नहीं किए जा रहे हैं, मृतक के निधन के एक दिन बाद ही उनके स्थान पर दूसरे व्यक्ति को संपत्ति का मालिक दर्शा दिया गया, तथा न्यायालय के आदेशों के बावजूद नगर निगम के अभिलेखों में सुधार नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही वास्तविक रजिस्ट्री क्षेत्रफल से अधिक संपत्ति कर वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने नगर निगम आयुक्त, पुलिस अधिकारियों और कलेक्टर से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि वृद्ध महिला के मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

8
107 views