logo

दादरी में मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा पर तीखा हमला

दादरी। मनरेगा योजना का नाम बदलने के फैसले के विरोध में दादरी जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फैसले को जनविरोधी बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महेंद्र सिंह, प्रदेश मीडिया सचिव (केकेसी) हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलना केवल औपचारिक परिवर्तन नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के रोज़गार के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं की आत्मा से छेड़छाड़ कर रही है और श्रमिकों की आजीविका पर हमला कर रही है।
महेंद्र सिंह ने मांग की कि सरकार इस फैसले को तत्काल वापस ले और मनरेगा को पहले की तरह मज़बूत ढंग से लागू करे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी बनी रहे। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

0
0 views