logo

राष्ट्रीय मसीह विकास संगठन के तत्वावधान में गदरपुर में एक भव्य क्रिसमस रैली का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया।

गदरपुर न्यूज।
दिनांक 21 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय मसीह विकास संगठन के तत्वावधान में गदरपुर में एक भव्य क्रिसमस रैली का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। इस ऐतिहासिक रैली में क्षेत्र के सभी चर्चों के पास्टरगण, पदाधिकारीगण एवं विश्वासी जनों ने एकजुट होकर सहभागिता की।
इस भव्य क्रिसमस रैली में हजारों की संख्या में ईसाई समाज के बुजुर्ग, माताएं-बहनें, युवा वर्ग एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों के हाथों में क्रिसमस के संदेश लिखी तख्तियां, बैनर एवं झंडे थे, जिनके माध्यम से पूरे शहर में प्रभु यीशु मसीह के जन्म का प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया गया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकाली गई, जहां-जहां से रैली गुजरी वहां लोगों ने फूलों की वर्षा कर एवं तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। क्रिसमस गीतों, भजनों और जयघोषों से पूरा वातावरण आनंद, श्रद्धा और उल्लास से भर गया।
राष्ट्रीय मसीह विकास संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आशिष अगस्टिन ने इस अवसर पर कहा कि क्रिसमस केवल एक पर्व नहीं बल्कि त्याग, सेवा, प्रेम और एकता का संदेश है। प्रभु यीशु मसीह का जन्म समस्त मानव जाति को आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
रैली के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास किया गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ, जिसके लिए प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों का भी सहयोग सराहनीय रहा।
आइमा मीडिया संवाददाता- प्रेम मसीह

11
1285 views