
नासिक मनपा चुनाव: सियासी रणभूमि
सभी पार्टी के उमेदवार जोर शोर से तैयार l
नासिक। सिटी रिपोर्टर
नासिक नगर निगम के चुनाव 15 जनवरी 2026 को प्रस्तावित हैं और इसे लेकर शहर की राजनीति में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। लंबे अंतराल के बाद होने जा रहे इस चुनाव को सभी प्रमुख राजनीतिक दल प्रतिष्ठा की लड़ाई मान रहे हैं। इसी कारण राजनीतिक सरगर्मियां दिन-ब-दिन तेज होती जा रही हैं।
भाजपा, शिवसेना के दोनों गुट, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी चुनावी मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरने की रणनीति बना रहे हैं। वार्ड रचना और परिसीमन को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जिससे कई वार्डों का राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है। दलों में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर बैठकों का सिलसिला तेज हो गया है।
शहर के बुनियादी सवाल इस चुनाव के केंद्र में रहने वाले हैं। अनियमित जलापूर्ति, ट्रैफिक जाम, खराब सड़कों की हालत, कचरा प्रबंधन, झोपड़पट्टी पुनर्विकास और स्मार्ट सिटी के अधूरे कार्यों को लेकर जनता में असंतोष साफ नजर आ रहा है। विपक्ष इन मुद्दों को लेकर सत्ताधारी दलों पर हमला बोल रहा है, जबकि सत्ताधारी पक्ष विकास कार्यों को अपनी उपलब्धि के रूप में पेश कर रहा है।
गठबंधन को लेकर भी सियासी हलकों में अटकलें तेज हैं। कुछ दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे या अलग-अलग, इस पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची की जांच और जनसंपर्क अभियानों ने रफ्तार पकड़ ली है। शहर भर में पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स दिखाई देने लगे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार नासिक नगर निगम चुनाव बहुकोणीय मुकाबले में तब्दील हो सकता है। ऐसे में हर वार्ड में कड़ा संघर्ष तय माना जा रहा है। उम्मीदवारों की अंतिम सूची और गठबंधन की तस्वीर साफ होते ही नासिक की राजनीति और अधिक गर्म होने के आसार हैं।