logo

जालौन CHC में भ्रष्टाचार का खुला खेल 12 साल से जमे चिकित्सा अधीक्षक पर गंभीर आरोप, मरीजों की जान से खिलवाड़

भीम राजावत
उरई/जालौन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाली की शिकार हैं। चिकित्सा अधीक्षक पर वर्षों से भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और मनमानी के गंभीर आरोप लगे हैं। सूत्रों के अनुसार दवा, जांच और ड्यूटी के नाम पर मरीजों से अवैध वसूली आम बात हो चुकी है। कर्मचारियों से पैसे लेकर मनचाही ड्यूटी लगाई जाती है, जबकि सरकारी योजनाओं में कमीशनखोरी और मरीजों से दुर्व्यवहार के आरोप भी सामने आए हैं।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में कई बाहरी लोग खुलेआम काम कर रहे हैं, जिनकी गतिविधियों से जन्म प्रमाण पत्र और मेडिकल रिपोर्टिंग तक में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। फार्मासिस्ट पर भी वर्षों से जमे रहने और रात में आने वाले मरीजों से मोटी रकम वसूलने के आरोप हैं।

हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद जांच के नाम पर लीपापोती होती रही, जिससे कथित भ्रष्ट तंत्र और मजबूत होता गया। जनता का सवाल है—क्या जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं?

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और शासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करता है, या फिर जालौन CHC यूं ही भ्रष्टाचार का अड्डा बना रहेगा।

113
5362 views