logo

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने धान खरीदी केंद्रों का औचक निरिक्षण किया, किसानों से सीधी बातचीत कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भटगांव, सालिहाघाट, जोरा एवं सलोनीकला धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर टोकन व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, धान की गुणवत्ता तथा समितियों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

भटगांव धान खरीदी केंद्र में किसान छतराम साहू ने बताया कि उनके पास 3 एकड़ कृषि भूमि है और उन्होंने 151 कट्टा धान का विक्रय किया है। कलेक्टर द्वारा टोकन संबंधी जानकारी पूछे जाने पर किसान ने बताया कि टोकन में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि आज 49 किसानों का टोकन कट चुका है तथा धान खरीदी की दैनिक सीमा भी बढ़ा दी गई है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आसपास के गांवों से आए किसानों से भी चर्चा की तथा समिति प्रबंधक से तौल में किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी ली। समिति प्रबंधक ने बताया कि तौल में अतिरिक्त धान नहीं लिया जा रहा है। इस अवसर पर कलेक्टर ने किसानों को जानकारी दी कि जिले में अब तक धान खरीदी लगभग 25 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है और राज्य स्तर पर जिला चौथे स्थान पर है।

कलेक्टर ने टोकन काउंटर का निरीक्षण करते हुए किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं सहज टोकन प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि फटे व खराब बोरों का उपयोग न किया जाए तथा ऐसे बोरों को तत्काल वापस किया जाए।

सालिहाघाट धान खरीदी केंद्र में किसान निर्मल एवं फिरतराम ने बताया कि उन्होंने मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन कटाया है और किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई है।

सलोनीकला धान खरीदी केंद्र में हमाल बढ़ाने के निर्देश
सलोनीकला धान मंडी में निरीक्षण के दौरान किसानों ने हमाल की कमी की शिकायत की। किसान नान दाऊ चंद्र ने बताया कि हमाल कम होने से धान तौल में देरी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने मंडी प्रभारी को तत्काल अतिरिक्त हमाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तौल प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा केवल साफ-सुथरा एवं मानक गुणवत्ता का धान ही खरीदा जाए।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और धान खरीदी कार्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाए |

17
1790 views