
सेलाकुई में सीसी मार्ग का विधायक ने किया शुभारंभ
सेलाकुई (देहरादून), 12 दिसंबर। नगर पंचायत सेलाकुई में संजू भंडारी के घर से सुरेंद्र राणा के घर की ओर जाने वाले सीमेंट कंक्रीट (सीसी) मार्ग का शुक्रवार को औपचारिक शुभारंभ सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया। मार्ग निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसके उद्घाटन से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस मार्ग के बन जाने से अब आवागमन काफी सुगम और सुरक्षित हो गया है। पहले यहां कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी।
शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अनिल नौटियाल, सभासद दीपक कंडारी, सचिन थापा के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र की हर मोहल्ले और बस्ती में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और हर वादे को पूरा किया जाएगा।
विधायक ने क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी जिक्र किया और कहा कि जनता की समस्याओं का निरंतर समाधान किया जा रहा है। कार्यक्रम के बाद स्थानीय लोगों ने विधायक का आभार जताया।