logo

कोटद्वार पहुँचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सिद्धबली बाबा के दर्शन के बाद पहुंचे बहन के घर


कोटद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अचानक कोटद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धबली बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की और बाबा के समक्ष प्रदेश व देश की मंगलकामनाओं के लिए आशीर्वाद लिया। सुबह से ही मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलिपैड पर उतरने के बाद सीधे सिद्धबली मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ ने विधि-विधान से पूजा अर्चना की। भक्तों ने बताया कि बाबा सिद्धबली मंदिर के प्रति उनकी गहरी आस्था है और वे समय-समय पर यहां दर्शन करने आते रहते हैं।

पूजा के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निजी कार्यक्रम के तहत अपनी बहन के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व उनके जीजा का निधन हो गया था, जिसके बाद वह परिवार से मिलने और सांत्वना प्रकट करने पहुंचे। उनके इस पारिवारिक दौरे को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय पुलिस व प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई। इसके बावजूद स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री को देखने को लेकर उत्सुकता बनी रही।

योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को धार्मिक और पारिवारिक दोनों दृष्टिकोणों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रद्धालुओं ने उनके आगमन को शुभ बताते हुए बाबा सिद्धबली से प्रदेश की उन्नति, शांति और समृद्धि की कामना की।

469
23423 views