logo

युवक को कोबरा ने डसा मौत - सहारनपुर

10 हजार की शर्त के लिए कोबरा से कटवाया, मौतः कहा था- मेरे पास जड़ी-बूटी, जहर का असर नहीं होगा, सहारनपुर की घटना;

सहारनपुर में 10 हजार रुपए के लिए कोबरा से कटवाने वाले युवक सिकंदर नाथ (34) की मौत हो गई। वह सड़क किनारे जड़ी-बूटी बेचने का काम करता था। दावा करता था कि उसके पास ऐसी जड़ी-बूटी है, जिससे सांप के काटने का भी असर नहीं होगा। इसे लेकर उसकी कुछ लोगों से बहस हो गई। उन्होंने सिकंदर नाथ को कोबरा से कटवाकर अपनी बात साबित करने को कहा।

उन लोगों ने ऐसा करने पर सिकंदर नाथ को 10 हजार रुपए देने की बात भी कही। सिकंदर तैयार हो गया। लोगों ने मना भी किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद सिकंदर ने हाथ की उंगली में सांप से कटवा लिया। शर्त लगाने वाले लोग वीडियो बनाते रहे। कुछ देर बाद ही सिकंदर की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

मामला 10-11 नवंबर का है। लेकिन, जब कल (बुधवार) सिकंदर के परिवार वाले पुलिस कार्यालय पहुंचे तब मामले का खुलासा हुआ। परिवार ने पांच लोगों के खिलाफ फिर करवाई है। कहना है कि सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

आंखों और पेट की बीमारी दूर करने के लिए चूरन बेचते थे-मेरठ के बहसुमा थाना क्षेत्र में एक जगह है रामराज। इसे फिरोजपुर के नाम से भी जाना जाता है। यहां के रहने वाले सिकंदर नाथ आंखों और पेट की बीमारी दूर करने के लिए चूरन बेचते थे। बाजार में तरह-तरह करतब दिखाते थे। बीन भी बजाते थे।

गणेशपुर पहुंचे थे, भाई करण भी साथ था- पिछले महीने

10 नवंबर को सिकंदर सहारनपुर के थाना बिहारी गढ़ क्षेत्र के गांव गणेशपुर पहुंचे थे। छोटा भाई करण नाथ के साथ बीन बजा रहा था। लोगों को करतब दिखा रहा था।

झाड़-फूंक करने वाला बताकर विवाद शुरू हुआ- परिवार के मुताबिक, गणेशपुर के रहने वाले मोहित, संजय, संजीव पुत्र जीत सिंह और 3-4 लोग मौके पर पहुंचे। सिकंदर नाथ को झाड़-फूंक करने वाला बताकर विवाद शुरू कर दिया।

सांप से कटवाने पर 10 हजार रुपए देने की बात कही-आरोप है कि मोहित और संजीव अपने साथ एक डिब्बे में कोबरा सांप लेकर आए थे। कहने लगे- 'अगर तुम असली करतब दिखाते हो तो इस सांप से कटवाकर दिखाओ। 10 हजार रुपए देंगे।' सिकंदर नाथ और मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया।

जबरदस्ती कोबरा से कटवाने का आरोप, वीडियो बनाया-ग्रामीणों ने साफ कहा कि दोनों भाई सिर्फ बीन बजाकर और चूरन-सूरमा बेचकर गुजारा करते हैं, किसी तरह की झाड़फूंक नहीं करते। मोहित और उसके साथी नहीं माने और उन्होंने जबरदस्ती सिकंदर के हाथ पर कोबरा का कटवाकर वीडियो बनाया।

सांप से कटवाने के बाद तबीयत बिगड़ी

परिवार के मुताबिक, सांप के काटने के बाद छोटा भाई करण उसे अस्पताल ले जाना चाहता था, लेकिन मोहित और उसके साथी उसे रोकते रहे। इलाज के लिए भी नहीं जाने दिया। धमकी दी गई कि 'हम सरकारी रेस्क्यू टीम में हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।'

करण ने किसी तरह अपने साथियों सोनू, मनोज, संजय और चांद को बुलवाया। उनके आने पर मोहित व उसके साथी धमकाते हुए भाग गए। परेशान परिवार सिकंदर को लेकर पहले बिजनौर सिंह नर्सिंग होम पहुंचा। वहां हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही सिकंदर की मौत हो गई। अगले दिन 11 नवंबर को मेरठ में पोस्टमॉर्टम कराया गया।

पीड़ित परिवार की सुनवाई नहीं हुई

घटना के बाद परिवार ने थाना बिहारी गढ़ में तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसके भाई सागर नाथ ने पूरे मामले की शिकायत करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा। 3 दिसंबर को पीड़ित फिर पुलिस कार्यालय पहुंचे।

तहरीर में उन्होंने कोबरा से जबरन कटवाने, बंधक बनाकर रखने, धमकाने, वीडियो बनवाने और इलाज में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि 'हम गरीब लोग हैं... हमारे भाई को साजिश के तहत मरवा दिया गया। अब न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं।'

सिकंदर नाथ की पत्नी का नाम उषा है। जो प्रेग्नेंट है। उनके चार बच्चे हैं। तीन लड़की और एक लड़का है। बड़ी लड़की 7 साल की मानसी है। दूसरी सिया 5 साल, दिशा 3 साल की है। डेढ़ साल का लड़का प्रिंस है।

सिकंदर नाथ के चार भाई सागर नाथ, राहुल नाथ, विक्की और करण थे। सिकंदर नाथ सबसे बड़े थे।

भाई राहुल नाथ ने बताया कि आरोपियों ने 3 घंटे तक भाई को अपने साथ रखा। इलाज नहीं करने दिया। इस कारण से उनकी मौत हो गई।

एसपी देहात बोले, शर्त लगाकर सांप से कटवाया

एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि दोनों के बीच 10 हजार रुपए की शर्त लगी थी। सिकंदर नाथ जड़ी बूटी बेचकर दावा कर रहा था कि कोई भी सांप यदि काट ले तो यह जड़ी बूटी उसे बचा लेगी। इसके बाद रेस्क्यू-वर मोहित वहां से गुजर रहा था। तभी उसने सिकंदर नाथ से स्नेक बाइट करवाकर उसे जड़ी बूटी से बचने की बात की थी।

सिकंदर के परिवार ने मोहित पर स्नेक बाइट के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा थाना बिहारी गढ़ में दर्ज हुआ है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उसे अरेस्ट जल्द कर लिया जाएगा।

4
36 views