logo

दहेज भारतीय समाज में एक कुरीति और अभिशाप : इंदु सिंह सर्वधर्म दहेज रहित सामूहिक विवाह को सफल बनाने की अपील : आरिफ हबीब


जौनपुर।
भारतीय समाज में दहेज प्रथा एक गंभीर कुरीति और अभिशाप बन चुकी है, जो नारी-अधिकारों का हनन करते हुए सामाजिक संरचनाओं को कमजोर करती है। उक्त बातें उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदु ने कहीं। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा ने महिलाओं को उनके मूल अधिकारों से वंचित कर दिया है, साथ ही यह उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने से रोकती है। दहेज का आर्थिक बोझ परिवारों के लिए परेशानी का कारण बनता है और समाज में असमानताओं को बढ़ावा देता है।

इंदु सिंह ने समाज से अपील की कि दहेज रहित विवाह को प्रोत्साहन देने हेतु ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित इस महायज्ञ को सफल बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपद के व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं व गणमान्य नागरिकों से इस पुनीत कार्य में सहयोग देने की अपील की।

इसी कड़ी में ज़िला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री आरिफ हबीब ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट प्रत्येक तीन वर्ष में बड़े पैमाने पर सर्वधर्म दहेज रहित सामूहिक विवाह का आयोजन कर समाज में नारी सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस महा अनुष्ठान की सफलता नारी सम्मान और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है।

आरिफ हबीब ने आम नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि एक छोटी-सी सामाजिक पहल में आपका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
07 दिसंबर को, प्रातः 11 बजे, नगर के मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित "सर्वधर्म सामूहिक विवाह" कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जरूरतमंद बेटियों और परिवारों को आशीर्वाद दें।

आपकी उपस्थिति से यह कार्यक्रम और भी भव्यता और पवित्रता के साथ सम्पन्न होगा।

0
24 views