logo

भाजपा की डबल इंजन सरकारें लोकतंत्र व संविधान को कर रही तार-तार : राकेश मौर्य

संविधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा सदर चुंगी स्थित अल्फस्टीनगंज जिला कार्यालय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान की रक्षा और सुरक्षा का संकल्प लिया गया।

गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि भारत में संविधान निर्माण की प्रक्रिया 9 दिसंबर 1946 से शुरू होकर 26 नवंबर 1949 को पूर्ण हुई और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भाजपा की डबल इंजन सरकारें संविधान को कदम-कदम पर कमजोर कर रही हैं और लोकतंत्र की मूल भावना को तार-तार कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत तभी मजबूत रहेगा, जब संविधान सुरक्षित रहेगा। जनता के मौलिक अधिकारों की रक्षा करना आज प्रत्येक लोकतंत्र प्रहरी की नैतिक जिम्मेदारी है। समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता संविधान दिवस पर यह संकल्प लेता है कि वह संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करता रहेगा।

कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष इरशाद मंसूरी, लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव भानु प्रताप मौर्य, तथा विधानसभा क्षेत्र सदर जौनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने भी संबोधित किया और संविधान की सुरक्षा का संकल्प दोहराया।

गोष्ठी में संजय यादव, ताज मोहम्मद, अमजद अख्तर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0
77 views