logo

कब्र से निकाला नाबालिग का शव

गन्ने के खेत में निर्वस्त्र मिला क्षेत्र में सनसनी
25.11.2025
बेहजम (खीरी)। लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिकंदराबाद की एक नाबालिग लड़की का शव कब्र से निकालकर करीब एक किलोमीटर दूर निर्वस्त्र अवस्था में मिला। किशोरी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया था, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार शव सिकंदराबाद श्मशान घाट से लगभग एक किलोमीटर दूर कलवलाह पर मिला। मौके से कब्र के पास से एक कुदाल भी बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

मृतका की पहचान आसरा बानो (निवासी सिकंदराबाद), पुत्री शकील खान के रूप में हुई है। आसरा की मौत शुक्रवार को बीमारी से हुई थी और उसी दिन उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

घटना की जानकारी पर थाना नीमगांव पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और जांच में बाधा न आए, इसके लिए ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर रखा गया है। अधिकारियों को भी घटना की विस्तृत जानकारी दे दी गई है।

थाना अध्यक्ष नीमगांव आदित्य कुमार मौर्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच गहनता से की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

गांव में इस भयावह वारदात को लेकर दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

0
99 views