logo

जलालाबाद फ्लाईओवर में गड्ढे, आरटीआई कार्यकर्ता ने उठाया मुद्दाः राष्ट्रीय राजमार्ग और सेतु निगम के बीच मरम्मत को लेकर अधिकार क्षेत्र का विवाद

नजीबाबाद के जलालाबाद फ्लाईओवर में हुए गड्डों को लेकर आदर्श नगर निवासी आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने राज्यसेतु निगम से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स और अन्य स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे आम जनता का जीवन खतरे में है।

मनोज शर्मा ने इससे पहले उत्तर प्रदेश सेतु निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत जलालाबाद स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 119 और रेलवे क्रॉसिंग संख्या 484 पर करोड़ों रुपये की लागत से इस फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण यूपी सेतु निगम द्वारा किया गया था।

शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि पुल की मरम्मत को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग और उत्तर प्रदेश सेतु निगम के बीच अधिकार क्षेत्र स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग का कहना है कि यह पुल उन्हें अभी तक हस्तांतरित नहीं हुआ है, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है।

इस संदर्भ में, उत्तर प्रदेश सेतु निगम, बरेली इकाई के महाप्रबंधक और उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निर्माण इकाई, मुरादाबाद ने आरटीआई कार्यकर्ता को संयुक्त रूप से जवाब भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उक्त पुल राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना इकाई, नजीबाबाद के अधीन आता है और इससे संबंधित समस्त दस्तावेज राष्ट्रीय राजमार्ग को उपलब्ध करा दिए गए हैं।

15
883 views