logo

शंकरगढ़ में किसानों को मिला जैविक खेती का मंत्र, रसायनमुक्त कृषि की ओर बढ़ा कदम.!

बलरामपुर:- शंकरगढ़ से मोहम्मद खालिद की रिपोर्ट.!

बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत शंकरगढ़ के अंतर्गत किसानों के लिए जैविक खेती विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में कृषकों को रसायनमुक्त प्राकृतिक खेती, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, जीवामृत के उपयोग, बीज उपचार तकनीक, तथा स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों से कृषि को समृद्ध बनाने के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को कम लागत में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन हेतु प्रेरित करना तथा भूमि की उर्वरता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा। विशेषज्ञों ने जैविक खेती को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए किसानों को आधुनिक तकनीकों और पारंपरिक विधियों के समन्वय का मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए प्रशिक्षण के प्रत्येक सत्र में सक्रिय रूप से सहभागिता दर्ज कराई। किसानों ने जैविक खेती की विधियों को अपनाने में गहरी रुचि व्यक्त की और इसे अपनी आजीविका एवं कृषि उत्पादकता में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

जनपद पंचायत शंकरगढ़ द्वारा आगे भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को सतत रूप से लाभान्वित किए जाने की योजना बनाई गई है।

213
1795 views