जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भव्य रोड शो
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आज शनिवार को पूरे शहर में जनजातीय गौरव दिवस की गरिमा देखते ही बनी। गौरव दिवस का राज्य-स्तरीय समारोह गैरीसन ग्राउंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर में समन्वय चौक से सृजन चौक तक भव्य रोड शो निकाला।रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के स्वागत के लिए आमजनों में भारी उत्सुकता दिखाई दी। आमजनों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जोरदार स्वागत किया। जनजातीय परंपरागत लोक नृतक दलों ने रोड-शो के दौरान आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। रोड-शो में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, विधायक श्री अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे एवं श्री संतोष बरकड़े सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।