logo

मणिपुर में आठ उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल: तीन नवंबर (भाषा) मणिपुर में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े आठ उग्रवादियों को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सभी गिरफ्तारियां रविवार को की गईं।

प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (तैयबंगनबा) के तीन सक्रिय सदस्यों को थौबल जिले के खोंगजोम बाजार से जबकि संगठन के एक अन्य सदस्य को इंफाल पूर्व के पुरीरोम्बा से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के दो सदस्यों को भी थौबल जिले के चोंगथम कोना इलाके से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम के वाहेंगबाम लेइकाई इलाके से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो सक्रिय सदस्यों को भी गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि उनके पास से राइफल, ग्रेनेड, कारतूस और पिस्तौल समेत हथियार एवं गोला-बारूद जब्त किया गया।

यूएनएलएफ (पी) ने 2023 में केंद्र के साथ एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, पुलिस ने कहा कि संगठन के सदस्यों को जबरन वसूली गतिविधियों और अवैध हथियारों की तस्करी में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया जा रहा है।

0
35 views