
रजत जयंती पर कांग्रेस का संकल्प: शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का लिया प्रण
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर जहां प्रदेश सरकार राज्य जयंती के अवसर पर भव्य आयोजन कर रही है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी रजत जयंती वर्ष को शहीदों के नाम समर्पित करने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इस मौके पर शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेते हुए कई कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की है।
1 नवंबर को कांग्रेस ने देहरादून स्थित शहीद स्मारक से श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ रजत जयंती वर्ष की शुरुआत की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। माहरा ने कहा कि “शहीदों के बलिदान से बना यह राज्य अभी भी उनके सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है। कांग्रेस इस रजत जयंती वर्ष को उन अधूरे सपनों को साकार करने के संकल्प के रूप में मना रही है।”
कांग्रेस के आगामी कार्यक्रम:
✓ 2 नवंबर: प्रदेशभर के ब्लॉक स्तर पर विचार गोष्ठियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें स्थानीय नेता व कार्यकर्ता भाग लेंगे
✓ 3 नवंबर: जिला कांग्रेस कमेटियाँ जिला अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण करेंगी।
✓ 3-4 नवंबर: कांग्रेस विधायक विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेंगे।
✓ 5 नवंबर: करन माहरा और वरिष्ठ नेता प्रेस वार्ता करेंगे।
✓ 6 नवंबर: करन माहरा व यशपाल आर्य रामपुर तिराहा गोलीकांड के शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
✓ 7 नवंबर: कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में “हम क्या थे, हम क्या हैं और क्या होंगे” विषय पर विचार गोष्ठी होगी।
✓ 8 नवंबर: कांग्रेस शासनकाल (2002–2007 व 2012–2017) की उपलब्धियों और भाजपा सरकारों की विफलताओं को दर्शाने वाली प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
✓ 9 नवंबर (राज्य स्थापना दिवस): विशेष कार्यक्रम व आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा।
✓ 10, 11 और 14 नवंबर: प्रदेशभर की 70 विधानसभाओं में तिरंगा यात्राएँ निकाली जाएंगी।
कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल उत्सव नहीं बल्कि राज्य निर्माण के उद्देश्यों की पुनर्स्मृति और शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने का प्रयास हैं।