
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने किये जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत दरभंगा जिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान जोर-शोर से संचालित हुआ। इस अभियान में जीविका दरभंगा की दीदियाँ अग्रिम पंक्ति पर रहकर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाने में अहम योगदान दे रही हैं। इसी कड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को लहेरियासराय स्थित जिला प्रेक्षागृह में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने की। इस अवसर पर हायाघाट प्रखंड की सैकड़ों जीविका दीदियाँ पूरे उत्साह और जोश के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।
अपने उत्साहवर्धक संबोधन में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि “जीविका महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव की जीवंत मिसाल बन चुकी है। दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज आत्मनिर्भरता और जागरूकता का प्रतीक हैं, जो गाँव-गाँव जाकर परिवर्तन की नई कहानी लिख रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता का वोट गिरना जरूरी है।इसके लिए सभी मतदाताओं को घरों में मतदाता पर्ची का वितरण कर दिया गया है ।आज से 7 दिन बाद मतदान दिवस है ,जिसकी तिथि 6 नवंबर 20 25 निर्धारित है,अभी से मतदाताओं के घरों में लगातार घूमते रहे उन्हें मतदान के महत्व से परिचय कराते रहें। आस्था का महान पर्व छठ पर्व समाप्त हो गया है लेकिन लोकतंत्र का महापर्व का मतदान दिवस 6 नवंबर को निर्धारित है।
उन्होंने आगे कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान में जीविका दीदियों की भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की जीविका दीदियाँ लगातार विभिन्न पहलों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को मजबूत और प्रभावशाली बना रही हैं। उन्होंने कहा कि अब सबसे महत्वपूर्ण समय मतदान के दिन का है, इसलिए उस दिन सभी दीदियों को विशेष रूप से सतर्क और सक्रिय रहना चाहिए, ताकि अब तक किए गए सभी प्रयास सफल हों और प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कम मतदान वाले क्षेत्रों में लाइन लिस्टिंग के आधार पर घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता बढ़ाई जाए और छठ पर्व पर लौटे प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया जाए। जिला स्वीप आइकॉन मणिकांत झा ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि जीविका आज महिला सशक्तिकरण की पहचान है। उन्होंने सभी से मतदान को कर्तव्य के रूप में निभाने का आह्वान किया। उनके देशभक्ति गीतों ने माहौल को देशप्रेम से भर दिया। उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जनजागरूकता अभियानों की सफलता लोगों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और जमीनी पहुँच के कारण जागरूकता का संदेश तेजी से हर घर तक पहुँच रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी दरभंगा ने आज जिला आईकॉन मणिकांत झा द्वारा रचित वोटमणि नामक पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में मतदाता जागरूकता मैथिली गीत का संग्रह है। गीतों के गायन पर सभी जीविका दीदियों झूमने पर मजबूर हो गई है।
इस अवसर पर डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय कर्तव्य है, जिसके माध्यम से हम अपने देश और समाज की दिशा निर्धारित करते हैं।उन्होंने कहा कि “दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ बन चुकी हैं। जिन्होंने आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन की मिसाल कायम की है, वही अब मतदाता जागरूकता की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरी हैं। जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक कर रही हैं। कार्यक्रम के कार्यक्रम के दौरान कई जीविका दीदियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। हायाघाट प्रखंड के प्रगति सीएलएफ़ की कविता देवी ने बताया कि वे गाँव-गाँव जाकर लोगों को यह संदेश दे रही हैं कि *मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय दायित्व है*, जिससे हम अपने देश और समाज की दिशा तय करते हैं।”
दीदियों ने उत्साहपूर्वक शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया और गीतों, कविताओं व नारों के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया
कार्यक्रम में जिला स्वीप आइकॉन मणिकांत झा, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद, स्वीप नोडल पदाधिकारी वृषभानु चंद्रा, आईसीडीएस डीपीओ चांदनी सिंह जीविका दीदियों को अपने संबोधन से उत्साहित की ।आज इस लोकतंत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बहेड़ी और हायाघाट की सैकड़ो जीविका दीदियों अल्प सूचना पर उपस्थिति रही।