
रमेश रुलानिया हत्याकांड के मुख्य आरोपियो की कोर्ट में पेशी
फिर भेजा गया 2 दिन के रिमांड पर
व्यापारी रूलानिया को शूट करने वाले गणपत ने किया भागने का प्रयास, हुआ घायल
कुचामन सिटी
कुचामन शहर के बहुचर्चित व्यापारी रमेश रूलानिया हत्याकांड के चारों आरोपियों को कुचामन पुलिस ने बुधवार को दोपहर में करीब 12 बजे कुचामन कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों के लिए पुलिस रिमांड मांगा। कोर्ट ने भी 2 दिन का पुलिस रिमांड दे दिया।इसके बाद कुचामन पुलिस सभी आरोपियों को पुलिसथाना कुचामनसिटी ले आई। यहां रिमांड पश्चात दोपहर बाद कुचामन पुलिस आरोपियों को मौका पहचान के लिए सभी को बवलीगुड़ा के पास ले गई जहां पर मुख्य शूटर गणपत गुर्जर ने पुलिस गिरफ्त से भागने का प्रयास किया। भागते समय वह गिर पड़ा, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में गणपत गुर्जर को राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामनसिटी लाया गया, जहां ईलाज के बाद पुन: उसे कुचामन थाने ले जाया गया।
गणपत ने ही उतारा था रूलानिया को मौत के घाट
पुलिस गिरफ्त से भागने का प्रयास करने वाला शूटर गणपत बेहत खतरनाक प्रवृति का है। चारों शूटर्स में से गणपत ही मुख्य शूटर था जिसने निर्दोष व्यापारी रमेश रूलानिया को गोली मारकर मौत के घाट उतारा था। रूपनगढ़ थानान्तर्गत आने वाले कडाला गांव निवासी जीतेन्द्र चारण उर्फ जीतू से सुपारी लेकर गणपत ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रूलानियों को मौत के घाट उतार दिया। गणपत जीतू चारण के साथ मिलकर पिछले डेढ माह से रमेश रूलानिया के मर्डर की तैयारी कर रहा था।मुख्य शूटर के भागने के प्रयास की खबर मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हडक़म्प मच गया। इस दौरान हॉस्पिटल में स्वयं वृत्ताधिकारी अरविन्द विश्नोई व बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे।