logo

लोहंडीगुड़ा, बस्तर और तोकापाल में भव्य आगाज

जगदलपुर। संभाग के गांवों में बस्तर ओलंपिक का उल्लास बिखरने लगा है। बस्तर की धरती एक बार फिर खेलों की ऊर्जा और जनभागीदारी से गूंज उठी है। बस्तर ओलंपिक 2025 की शुरुआत अब पूरे जिले में हो चुकी है। लोहंडीगुड़ा, बस्तर और तोकापाल ब्लॉकों में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित खेल मुकाबलों में ग्रामवासियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
लोहंडीगुड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मांदर में महिला रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ हुआ।
महिलाओं की टीमों ने शानदार प्रतिस्पर्धा करते हुए ग्रामीण खेलों की परंपरा को नया जीवन दिया। वहीं ग्राम पंचायत तकरागुड़ा में पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ियों के बीच कबड्डी, दौड़, खो-खो, वॉलीबॉल जैसे मुकाबले हुए। उधर बस्तर और तोकापाल ब्लॉकों में भी ग्राम स्तरीय आयोजन खेलों के इस महाकुंभ का प्रतीक बन गए हैं, जहां हर गांव में उत्सव का वातावरण और खेल भावना का अद्भुत संगम दिखाई देने लगा है। बस्तर ओलंपिक के लिए अब तक 95 हजार 580 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 39 हजार 820 महिला और 55 हजार 760 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। इतनी बड़ी भागीदारी अपने आप में ऐतिहासिक है। यह बताती है कि खेल अब बस्तर के जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं।कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारी शालिनी तिवारी, ग्राम पंचायत मंदर की सरपंच, तथा तकरागुड़ा पंचायत की सरपंच कमला बघेल, गंगा नाग, गीता मंडावी,और संतोष श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पंच, सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि यह बस्तर की एकता, जनभागीदारी और खेल संस्कृति का पर्व है।
यहाँ हर खिलाड़ी बस्तर की नई पहचान बना रहा है। सहायक नोडल अधिकारी अभय माने ने कार्यक्रम का संचालन किया और खिलाड़ियों को अनुशासन व टीम भावना का संदेश दिया।ग्राम पंचायत मंदर से आरंभ हुई यह प्रेरक पहल अब पूरे जिले में फैल चुकी है। हर ब्लॉक और पंचायत में खेल के माध्यम से समाज को जोड़ने की यह मुहिम बस्तर ओलंपिक 2025 को एक आंदोलन का रूप दे रही है। जनसहयोग, उत्साह और ऊर्जा से भरा यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए मंच बन रहा है, बल्कि ग्रामीण बस्तर की एकजुटता और सकारात्मक परिवर्तन की नई कहानी भी लिख रहा है।

21
1005 views