logo

महावीर स्टडी इस्टेट में दीपोत्सव मनाया गया* *बच्चों ने रंगोली सजाकर और दीप जलाकर कॉलेज प्रांगण रोशन किया*

*महावीर स्टडी इस्टेट में दीपोत्सव मनाया गया*

*बच्चों ने रंगोली सजाकर और दीप जलाकर कॉलेज प्रांगण रोशन किया*

महाराजगंज, रायबरेली। महावीर स्टडी इस्टेट सीनियर सेकेंडरी कॉलेज में दीपावली अवकाश से पूर्व दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने कॉलेज प्रांगण को रंगोली, मिट्टी के दीयों और मोमबत्तियों से सजाकर रोशन किया।

प्रधानाचार्य कमल बाजपेई ने प्रार्थना सभा में बच्चों को दीपावली उत्सव के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दीपावली दो युगों, सतयुग और त्रेता युग से जुड़ी है। सतयुग में समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी इसी दिन प्रकट हुई थीं, इसलिए लक्ष्मी पूजन होता है। माता लक्ष्मी शरद पूर्णिमा से दीपावली तक 15 दिन पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं, और भगवान विष्णु के योग निद्रा में होने के कारण अपने मानस पुत्र गणेश को साथ रखती हैं, अतः लक्ष्मी-गणेश का पूजन होता है।

प्रधानाचार्य ने आगे बताया कि त्रेता युग में इसी दिन भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, जिसके स्वागत में दीपावली मनाई जाती है। इसके अतिरिक्त, पांडवों के 12 वर्ष का वनवास बिताकर हस्तिनापुर लौटने, राजा विजय आदित्य के राज्याभिषेक और नरकासुर के वध की घटनाएँ भी इसी दिन से जुड़ी हैं। उन्होंने दीपावली को अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व बताया।

प्रधानाचार्य ने बच्चों, अभिभावकों, पत्रकारों, सभी धर्मों के लोगों और सहकर्मियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने महालक्ष्मी और गणेश से सभी के जीवन से बाधाएँ समाप्त कर धन-वैभव प्रदान करने की कामना की। उत्कृष्ट रंगोली और दीप प्रज्वलन का कार्य सभी कक्षा अध्यापकों, मंजू सिंह और नेहरू की देखरेख में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर बीआरओ राजू मिश्रा, अनिमेष मिश्रा, सुरेंद्र प्रजापति, सुशील, सुनीता, सीमा, रामसेवक और सावित्री सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

93
1642 views