
शहपुरा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन — नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ओमकार मरकाम का भव्य स्वागत, राजेश गुप्ता की "घर वापसी" पर मचा सियासी घमासान!
डिंडौरी/शहपुरा -- शहपुरा का माहौल शुक्रवार को पूरी तरह कांग्रेसमय नजर आया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के डिंडौरी नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ओमकार मरकाम का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहपुरा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ मरकाम का जबरदस्त स्वागत करते हुए पूरे नगर को कांग्रेस रंग में रंग दिया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष ओमकार मरकाम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे “वोट छोड़ो - गद्दी छोड़ो” अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि “कांग्रेस का हर सिपाही जनता की आवाज बने, यही सच्ची सेवा है।”
लेकिन इसी बीच कार्यक्रम में एक और सियासी सरगर्मी देखने को मिली — पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेश गुप्ता की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चर्चा ने पूरे माहौल को गर्मा दिया। गुप्ता की मंच पर मौजूदगी और जिलाध्यक्ष ओमकार मरकाम द्वारा उनके स्वागत ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल मचा दी।
हालांकि सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुमति के बिना किसी की ‘घर वापसी’ आधिकारिक नहीं मानी जाती, ऐसे में गुप्ता की वापसी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। बताया जा रहा है कि शहपुरा कांग्रेस का एक धड़ा उनकी वापसी को लेकर असंतुष्ट है और विरोध प्रदर्शन की तैयारी में भी है।
इस विवाद पर जब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय राय से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं इस पूरे प्रकरण पर जिलाध्यक्ष ओमकार मरकाम ने स्पष्ट किया कि –
“शहपुरा में ब्लॉक स्तर की बैठक में राजेश गुप्ता की कांग्रेस में वापसी का प्रस्ताव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा रखा गया था। अब यह प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा, वही अंतिम निर्णय लेगी।”
अब सबकी निगाहें प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि राजेश गुप्ता की कांग्रेस में वापसी पर “हरी झंडी” मिलेगी या फिर सियासी दरवाजे फिलहाल बंद ही रहेंगे।