logo

विश्व शिक्षक दिवस - 2025 थीम - शिक्षण को सहयोगी पेशे के रूप में पुनर्परिभाषित करना

तलवाड़ा-होशियारपुर,5 अक्तूबर (अर्श ) : हर साल पूरी दुनिया में 5 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण रोल को याद करना है। जिस तरह माता-पिता हमें जन्म देते हैं और जीवन की शुरुआत करते हैं, उसी तरह शिक्षक हमारे जीवन को ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन देकर सही दिशा प्रदान करते हैं।
इस वर्ष 2025 की थीम है " शिक्षण को सहयोगी पेशे के रूप में पुनर्परिभाषित करना ।" यह थीम इस बात पर ज़ोर देती है कि शिक्षा में सुधार के लिए शिक्षण को सिर्फ एक व्यक्तिगत प्रयास के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

शिक्षक ही वे हैं, जो बिना किसी भेदभाव और निस्वार्थ भाव से हमें शिक्षा के साथ-साथ अच्छे और बुरे का फर्क समझाते हैं। वहीं, विश्व शिक्षक दिवस के मौके पर स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रोग्राम आयोजित किए जाते हैं।

विश्व शिक्षक दिवस पाँच अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में मनाया जाता है। इस दिन आध्यापकों को सामान्य रूप से और कतिपय कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके विशेष योगदान के लिये सम्मानित किया जाता है।
इसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा साल 1966 में यूनेस्को और अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन की ,उस संयुक्त बैठक को याद करने के लिये मनाया जाता है , जिसमें अध्यापकों की स्थिति पर चर्चा हुई थी और इसके लिये सुझाव प्रस्तुत किये गये थे।
अतः इसे 1994 के बाद से प्रतिवर्ष लगभग 100 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है और इस प्रकार वर्ष 2025 में यह 31वाँ विश्व शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है।

अलग-अलग देशों में शिक्षक दिवस अलग-अलग तारीखों पर मनाये जाते हैं। भारत में यह भूतपूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिन 5 सितंबर को मनाया जाता है।
चीन में 1931 में शिक्षक दिवस की शुरूआत की गई थी और बाद में 1939 में कन्फ्यूशियस के जन्म दिन, 27 अगस्त को शिक्षक दिवस घोषित किया गया लेकिन 1951 में इसे रद कर दिया गया। फिर 1985 में 10 सितम्बर को शिक्षक दिवस घोषित किया गया लेकिन वर्तमान समय में ज्यादातर चीनी नागरिक चाहते हैं कि कन्फ्यूशियस का जन्म दिन ही शिक्षक दिवस हो।
इसी तरह रूस में 1965 से 1994 तक अक्टूबर महीने के पहले रविवार के दिन शिक्षक दिवस मनाया जाता था। जब साल 1994 से विश्व शिक्षक दिवस 5 अक्टूबर को मनाया जाना शुरू हुआ तब इसके साथ समन्वय बिठाने के लिये इसे इसी दिन मनाया जाने लगा।
अजय कुमार " अर्श "

193
9678 views