दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन सजग
स्वर्णरेखा और खरकई नदी घाटों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जमशेदपुर :
दुर्गापूजा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जमशेदपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वर्णरेखा और खरकई नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी जरूरी इंतजाम ससमय पूरे किए जाएं।
जमशेदपुर पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है।